पुणे। पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और खेल प्रशासक सुरेश शामराव कलमाड़ी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। उन्हें पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार तड़के लगभग 3:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
कलमाड़ी के आधिकारिक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार उनका पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे तक कलमाड़ी हाउस, एरंडवणे में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे पुणे के वैकुंठ श्मशान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
1 मई 1944 को जन्मे सुरेश कलमाड़ी ने राजनीति और खेल प्रशासन—दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई। वे पुणे लोकसभा सीट से दो बार सांसद चुने गए। केंद्र सरकार में उन्होंने रेल राज्य मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।
राजनीति के साथ-साथ कलमाड़ी का नाम खेल प्रशासन में भी प्रमुखता से जुड़ा रहा। वे भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष रहे और दिल्ली में आयोजित 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स की आयोजन समिति के चेयरमैन की भूमिका भी उन्होंने निभाई।
कलमाड़ी का प्रारंभिक जीवन अनुशासन और सेवा से जुड़ा रहा। उन्होंने 1960 में नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) जॉइन की। इसके बाद वे भारतीय वायुसेना में पायलट के रूप में कमीशंड हुए। वर्ष 1964 से 1972 तक उन्होंने वायुसेना में सक्रिय पायलट के रूप में सेवा दी। बाद में 1972 से 1974 तक NDA में एयरफोर्स ट्रेनिंग टीम में इंस्ट्रक्टर रहे। वे स्क्वाड्रन लीडर के पद से वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए।
सेना से रिटायरमेंट के बाद उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में रहे। उनके निधन से राजनीतिक और खेल जगत में शोक की लहर है। कई राजनीतिक नेताओं, खेल संगठनों और सामाजिक हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

