बस्ती। विकास खंड कप्तानगंज की ग्राम पंचायत मेढऊवा में मतदाता सूची को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में ग्राम मेढऊवा निवासी विवेक नारायण त्रिपाठी ने जिलाधिकारी बस्ती को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर मतदाता सूची की गहन जांच एवं शुद्धिकरण की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत मेढऊवा की वर्तमान मतदाता सूची में बड़ी संख्या में ऐसे व्यक्तियों के नाम दर्ज हैं, जो ग्राम पंचायत के स्थायी निवासी नहीं हैं। इसके अलावा 18 वर्ष से कम आयु (नाबालिग) व्यक्तियों के नाम भी मतदाता सूची में शामिल होने का दावा किया गया है। वहीं, कुछ पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार ये अनियमितताएं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 19, 21 एवं 22 तथा निर्वाचक नामावली (पंजीकरण) नियम, 1960 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन हैं। नियमों के तहत केवल वही व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल किए जा सकते हैं, जो संबंधित क्षेत्र का स्थायी निवासी, वयस्क एवं विधिक रूप से पात्र हो।
जिलाधिकारी से मांग की गई है कि पूरे मामले की विधिवत जांच कराई जाए तथा बाहरी और नाबालिग व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाएं। साथ ही त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची को शुद्ध कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शिकायत पत्र की प्रतिलिपि खंड विकास अधिकारी कप्तानगंज एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कप्तानगंज को भी प्रेषित की गई है। मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में चर्चा का माहौल है और निष्पक्ष जांच की मांग तेज होती जा रही है।

