बस्ती, 29 दिसंबर।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने जनपद स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि वेयरहाउस में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और सभी व्यवस्थाएं नियमित रूप से जांची जाएं।
निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही समाजवादी पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, कांग्रेस, अपना दल सहित अन्य राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे और निरीक्षण प्रक्रिया में सहभागिता की।

