बस्ती। जनपद के पैकोलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तेंनुआ ग्राम में अलाव तापते समय आग की चपेट में आने से झुलसी 40 वर्षीय आशा बहू की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरैया थाना क्षेत्र के मिर्जापुर ग्राम निवासी अमरावती मिश्रा (40), पत्नी तरुण मिश्रा, जो सीएचसी हरैया में आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं, अपने टूटे हुए हाथ के इलाज के लिए लगभग एक सप्ताह पूर्व बहन के गांव तेंनुआ (थाना पैकोलिया) आई हुई थीं। वे अपने बहनोई रामनरेश पुत्र नंदकुमार दुबे के यहां ठहरी हुई थीं।
मंगलवार की रात अमरावती मिश्रा घर के बाहर अलाव ताप रही थीं, तभी अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वह बुरी तरह झुलस गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद उन्हें तत्काल निजी वाहन से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बस्ती ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर कैली अस्पताल रेफर किया गया। कैली अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आशा कर्मचारी यूनियन की नेता शिवा जी शुक्ला ने बताया कि 23 दिसंबर की रात आग में झुलसने से सीएचसी हरैया की आशा अमरावती मिश्रा का निधन हो गया। उन्होंने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतका के परिवार को हर संभव सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
घटना की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

