अयोध्या।
शहीद भगतसिंह स्मृति ट्रस्ट की ओर से भगतसिंह जयंती के अवसर पर नन्द कॉन्वेंट स्कूल में विद्यार्थियों के बीच सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता कक्षा पांच से आठ तक के छात्रों के लिए आयोजित की गई, जिसमें कुल 26 छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का आयोजन मालती तिवारी, शिवांगी नंदा, शैलेन्द्र कुमार, पंकज कुमार और नीतू मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को वरिष्ठ अंग्रेज़ी लेखिका डॉ. पूनम सूद, राजसिशु स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. संतोष गर्ग, ऋतु सिंह राठौर और महिला विंग की अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले छात्रों में पूर्वी वर्मा, अक्षत प्रजापति, प्रतिमा वर्मा, भूमि मौर्य, अनुभव पांडे, अनमोल, अर्पिता त्रिवेदी, अनामिका गौतम सहित अन्य छात्र शामिल रहे।
इस अवसर पर ट्रस्ट सदस्य पूजा श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के लिए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. पूनम सूद ने कहा कि छात्र देश की रीढ़ हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है। विद्यालय के प्रबंधक रजनीकांत नन्द ने शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों को आवश्यक बताया। वहीं ट्रस्ट के चेयरमैन सत्यभान सिंह जनवादी ने विद्यालय परिवार और अतिथियों का आभार जताते हुए शिक्षा को समाज को नई दिशा देने वाला माध्यम बताया।

