बस्ती, 06 दिसंबर।
बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर न्याय मार्ग स्थित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) कार्यालय में श्रद्धांजलि एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण और मोमबत्ती जलाकर की गई, जिसके बाद उपस्थित साथियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए माकपा के जिला सचिव कॉमरेड शेष मणि ने संविधान निर्माण में डॉ. आंबेडकर के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जातीय भेदभाव को समाप्त करने, सामाजिक न्याय की स्थापना, महिलाओं के सशक्तिकरण और मजदूर हितों की रक्षा के लिए बाबा साहब का संघर्ष आज भी मार्गदर्शक है।
जिला कमेटी के सदस्य कॉमरेड सत्यराम ने बाबा साहब के जीवन एवं उनके सामाजिक-राजनीतिक विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। पूर्व जिला सचिव कॉमरेड के.के. तिवारी ने कहा कि कमजोर वर्गों के लिए बाबा साहब द्वारा संविधान में दिए गए प्रावधानों पर भाजपा, उनकी सहयोगी एजेंसियों और कॉरपोरेट घरानों द्वारा प्रत्यक्ष–अप्रत्यक्ष आक्रमण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान और उसके बुनियादी सिद्धांतों की रक्षा का दायित्व अब आम जन और प्रगतिशील ताकतों पर है, जिसे एकजुट होकर निभाना होगा।
कार्यक्रम में माकपा सहित खेत मजदूर यूनियन के राम अचल निषाद, नरसिंह, मुन्नी देवी, केशव, राम करन; जनौस के शिवचरण निषाद, ओमेंद्र, प्रमोद; एडवा की अनीता, अनुपम, रुखसाना; किसान सभा के राम सुरेमन और हीरालाल आदि शामिल रहे।

