बस्ती, पैकोलिया। पिरैला गांव में रविवार देर शाम उस समय शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई जब दूल्हा–दुल्हन की जयमाला रस्म के दौरान अचानक दूल्हे की पहली पत्नी स्टेज पर पहुंच गई। गुजरात से आई महिला रेशमा ने जैसे ही मंच पर कदम रखा, समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, रेशमा को किसी माध्यम से यह सूचना मिली कि उसका पति बस्ती में दूसरी शादी कर रहा है। इस पर वह तुरंत गुजरात से रवाना हुई और सीधे पिरैला गांव पहुंचकर जयमाला के दौरान स्टेज पर चढ़ गई। उसने दूल्हे पर पहले से कोर्ट मैरिज कर लेने और विवाह प्रमाणपत्र होने का दावा करते हुए मौके से डायल 112 पर कॉल किया।
सूचना मिलते ही 112 पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ की। रेशमा ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसके साथ विधि-विधान से कोर्ट मैरिज कर चुका है, बावजूद इसके वह दूसरी शादी कर रहा है। उसने शादी का सर्टिफिकेट भी पुलिस को दिखाया।
स्थिति बिगड़ती देख पीआरबी ने तत्काल मामले की जानकारी पैकोलिया थाना को दी। थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया।जानकारीके अनुसार, दूल्हा थाना वाल्टरगंज क्षेत्र के गणेशपुर का निवासी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला रेशमा का शिकायत पत्र प्राप्त कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। अब देखना यह होगा कि तथ्यों की पुष्टि के बाद दूल्हे के खिलाफ दूसरी शादी के मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा या नहीं। पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी

