बस्ती। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रदेश सचिव एवं गन्ना समिति मुण्डेरवा के निवर्तमान चेयरमैन दिवान चन्द पटेल ने मुण्डेरवा चीनी मिल में हुए 12 करोड़ 36 लाख रुपये के गन्ना विकास मद घोटाले की रिकवरी कर किसानों को भुगतान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह राशि सरकार द्वारा किसानों के हित में जारी की गई थी, लेकिन किसानों तक पहुंचने के बजाय गबन कर ली गई।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में दिवान चन्द पटेल ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तीन बार मुलाकात की है और प्रत्येक बार निष्पक्ष जांच की मांग रखी। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर जांच प्रारंभ तो हुई, मगर जिम्मेदार अधिकारियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल लेनिन सिक्योरिटी सर्विस कानपुर के खिलाफ मुण्डेरवा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है, लेकिन किसान नेता के अनुसार केवल ठेका फर्म पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों की भूमिका इस घोटाले में संदिग्ध रही है, उनके खिलाफ भी नामजद मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
दिवान चन्द पटेल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि 12 करोड़ 36 लाख रुपये की राशि की रिकवरी कर किसानों में वितरण कराया जाए, ताकि उन्हें उनका हक मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो किसान संगठन बड़े आंदोलन की तैयारी करेगा।

