आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में पुलिस की वर्दी को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिपाही ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक 18 वर्षीय युवक का अपहरण कर लिया और उसके परिवार से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित को सकुशल बरामद कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, पिढौरा गांव निवासी हर्षवर्धन नगला पदी में रहकर इंजीनियरिंग की कोचिंग करता है। 22 सितंबर की रात वह बाजार गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। रात करीब 2:30 बजे उसके भाई कुशल के मोबाइल पर हर्षवर्धन के फोन से कॉल आई, जिसमें 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई और धमकी दी गई कि पैसे न देने पर उसे जेल भिजवा दिया जाएगा। घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जांच में सामने आया कि अपहरण की साजिश सिपाही सोनू ने रची थी। वह मूलरूप से अलीगढ़ का रहने वाला है और हाल ही में सस्पेंड होने के बाद आगरा के सैंया थाने में तैनात हुआ था। सोनू ने अपने दोस्तों राहुल और राजकुमार के साथ मिलकर हर्षवर्धन को कारगिल तिराहे पर बुलाया और जबरन गाड़ी में बैठाकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में 24 घंटे तक घुमाते रहे।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक की और 23 सितंबर की शाम पोड्या घाट के पास से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि हर्षवर्धन के ऑनलाइन गेम खेलने की वजह से आरोपियों को यह भ्रम था कि उसने गेमिंग से लाखों रुपए कमाए हैं। इसी गलतफहमी के चलते उन्होंने फिरौती की योजना बनाई थी।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ गैंग बनाकर अपहरण और फिरौती मांगने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पूरे मामले की तेजी से जांच कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।

