प्रयागराज। आश्रम पद्धति विद्यालयों में 1.38 करोड़ रुपये के गबन मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने जांच की रफ्तार बढ़ा दी है। विभाग के छह अधिकारियों और कर्मचारियों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी कर बुलाया गया है।
जांच में खुलासा हुआ है कि वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2021-22 के बीच प्रयागराज के सुरवल सहनी, खाई करछना, कौड़िहार और कोरांव स्थित आश्रम पद्धति विद्यालयों में सामग्री की खरीद और अन्य कार्यों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई। इस मामले में SIT ने बीते वर्ष एफआईआर दर्ज कराई थी। वर्तमान में पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार राय मामले की विवेचना कर रहे हैं।
जांच के दायरे में आए अधिकारियों में तत्कालीन एकाउंटेंट अरुण कुमार पटेल और छात्रावास अधीक्षक स्वप्ना कुमारी का नाम शामिल है। वहीं एटीएस खाई करछना के कनिष्ठ सहायक शुभम आर्या और एटीएस सुरवल सहनी के प्रधानाचार्य आरएन त्रिपाठी को भी नोटिस दिया गया है। इसके साथ ही एटीएस कोरांव के प्रभारी अधीक्षक विजय कुमार सिंह यादव और संविदा प्रधानाचार्य रामाकांत सिंह से भी पूछताछ होगी।
विवेचक ने 10 सितंबर को समाज कल्याण निदेशालय के संयुक्त निदेशक अरुण कुमार पांडेय को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने और उनकी नियुक्ति व प्रभार से जुड़े आदेशों की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने को कहा है।

