बस्ती। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बस्ती जिले के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय, बाराबंकी में हो रही अवैध गतिविधियों और बिना मान्यता संचालित फर्जी शैक्षिक संस्थान के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
एबीवीपी का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों से अवैध वसूली कर रहा है और बिना आवश्यक मान्यता प्राप्त किए संस्थान चला रहा है। इस विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय की तालाबंदी का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया।
लाठीचार्ज की घटना को लेकर कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए प्रदर्शन किया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी बर्खास्तगी की मांग की।

इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिसिया दमन स्वीकार्य नहीं है। संगठन ने मांग की कि फर्जी विश्वविद्यालय पर तुरंत कार्रवाई की जाए और छात्रों को न्याय दिलाया जाए।
एबीवीपी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

