बस्ती।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित पीईटी परीक्षा को लेकर इस बार अभ्यर्थियों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के कई अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र 500 से 600 किलोमीटर दूर आवंटित किए जाने से छात्रों में आक्रोश और चिंता है। इसी समस्या को लेकर शुक्रवार को अभ्यर्थियों ने नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ के अध्यक्ष भावेष पाण्डेय के नेतृत्व में जिलाधिकारी बस्ती से भेंट की।
अभ्यर्थियों ने कहा कि लंबी दूरी तय करना न सिर्फ मानसिक और शारीरिक रूप से थकाऊ है बल्कि आर्थिक बोझ भी बढ़ा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि यदि परीक्षा केन्द्रों का परिवर्तन संभव नहीं है तो कम से कम अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम किराए पर बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संभागीय परिवहन अधिकारी को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ के प्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में भावेश पाण्डेय ने कहा कि परीक्षा देने जा रहे छात्रों को सुरक्षित, समयबद्ध और न्यूनतम किराए पर यात्रा सुविधा मिलनी चाहिए।
इस पहल को अभ्यर्थियों के हित में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है और जल्द ही ठोस व्यवस्था लागू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर ओमकार चौधरी, अंकुर उपाध्याय, विनीत जायसवाल समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

