बस्ती।
बस्ती सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत जामडीह शुक्ल एवं लबनापार के ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी सदर को प्रार्थना–पत्र देकर काली माता मंदिर के सामने स्थित सार्वजनिक भूमि और सड़क को भूमाफियाओं से बचाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत जामडीह शुक्ल एवं लबनापार की सीमा पर स्थित गाटा संख्या-91 में काली स्थान है। इसके समीप गाटा संख्या-3 में लगभग 11 एयर रकबा तालाब है। वहीं गाटा संख्या-1, 2 और 5 पर पूर्व उप जिलाधिकारी की देखरेख में बनी ट्यूबवेल चकनाली के किनारे करीब 25 वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत और जिला पंचायत स्तर से कंक्रीट सड़क का निर्माण किया गया था। यह सड़क आज भी दर्जनों गांवों व मोहल्लों को जोड़ने वाला आम रास्ता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि हाल ही में कुछ भूमाफियाओं ने इस सार्वजनिक सड़क (गाटा संख्या-2) पर अपना दावा जताना शुरू कर दिया है और तालाब (गाटा संख्या-3) को पाटकर नया खंडजा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल मंदिर परिसर संकुचित होगा बल्कि सड़क मार्ग भी कब्जे की जद में आ सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी भूमि को भूमाफियाओं से बचाने के लिए ठोस कार्यवाही की जाए तथा मौजूदा सड़क मार्ग और तालाब को यथास्थिति बनाए रखा जाए। ग्रामीणों ने प्रार्थना–पत्र के साथ राजस्व ग्राम लबनापार की भूमि का नक्शा भी संलग्न किया है।
प्रतिलिपि जिला प्रशासन सहित मंडलायुक्त और संबंधित विभागों को भेजी गई है।

