मनोरंजन समाचार: साउथ फिल्म ‘वेटुवम’ के सेट से एक दुखद खबर सामने आई है। पिछले दिनों स्टंट के दौरान हुए एक हादसे में स्टंटमैन मोहन राज की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा फिल्म के सेट पर स्टंट करते समय ही हुआ। इस घटना के बाद फिल्म से जुड़े कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक पा रंजीत, स्टंट एक्टर विनोद, नीलम प्रोडक्शंस के राज कमल और कार मालिक प्रभाकरन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई BNS (भारतीय न्याय संहिता) अधिनियम की धारा 289, 125 और 106 (1) के तहत की गई है। मोहन राज, जिन्हें राजू के नाम से भी जाना जाता था, की मौत फिल्म ‘वेटुवम’ के सेट पर हुई। इस घटना ने फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजकुमार राव की ‘मलिक’ की कमाई में उछाल
वहीं, दूसरी ओर, राजकुमार राव अभिनीत फिल्म ‘मलिक’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में मंगलवार को उछाल देखने को मिला है। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को फिल्म की कमाई को देखते हुए लग रहा था कि यह आगे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएगी। हालांकि, मंगलवार की कमाई ने एक बार फिर उम्मीद की किरण जगाई है।
फिल्म ने सोमवार को चौथे दिन 1.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि मंगलवार यानी पांचवें दिन इसने 2 करोड़ रुपये कमाए। सोमवार की तुलना में मंगलवार की कमाई में अच्छा उछाल दर्ज किया गया है। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन अब 18 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म की पहले दिन की कमाई 3.75 करोड़ रुपये थी, जबकि दूसरे और तीसरे दिन इसने 5.25-5.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। ‘मलिक’ की यह बढ़ोतरी फिल्म के लिए एक सकारात्मक संकेत है।

