प्रयागराज में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित चार स्वास्थ्य संस्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी की टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में की।
सैदाबाद स्थित वाराणसी अल्ट्रासाउंड सेंटर को रमेश कुमार मिश्रा की शिकायत पर सील किया गया। वहीं, वारी तिराहे पर स्थित प्रयाग महिमा हॉस्पिटल बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था। इस अस्पताल के खिलाफ प्रभात पाण्डेय समेत कई लोगों ने शिकायत की थी।
प्रतापपुर ब्लॉक के पास प्रयाग महिमा हॉस्पिटल की दूसरी शाखा भी बिना मान्यता के चल रही थी, जिसे भानु प्रताप सिंह संचालित कर रहे थे। इसके अलावा, बहरिया ब्लॉक के मुबारकपुर रोड पर रज्जूपुर चौराहा स्थित नेहा क्लीनिक को मुलायम सिंह यादव की शिकायत पर जांच के बाद सील किया गया।
सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण के चल रहे स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

