Homeखेलहर्षित राणा को टीम इंडिया से किया गया रिलीज, लीड्स टेस्ट के...

हर्षित राणा को टीम इंडिया से किया गया रिलीज, लीड्स टेस्ट के बाद लौटेंगे भारत

लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से ठीक पहले भारतीय टीम में शामिल किए गए तेज गेंदबाज हर्षित राणा अब टीम का हिस्सा नहीं हैं। विश्वस्त सूत्रों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को जानकारी दी है कि राणा को भारतीय टेस्ट टीम से रिलीज कर दिया गया है और वह लीड्स से ही भारत लौटेंगे। भारतीय टीम इस समय पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले के लिए बर्मिंघम पहुंच चुकी है।

हर्षित राणा को टीम में एक तेज गेंदबाज की चोट के चलते बैकअप के तौर पर जोड़ा गया था। टीम प्रबंधन ऐसे विकल्प की तलाश में था जो बाउंसर का कुशलता से इस्तेमाल कर सके। राणा इस भूमिका के लिए उपयुक्त माने गए, लेकिन अब जब टीम में सभी गेंदबाज फिट हैं, तो उन्हें रिलीज कर दिया गया है।

राणा लीड्स टेस्ट की अंतिम एकादश में शामिल नहीं हो सके थे। इंग्लैंड ने यह मैच आखिरी दिन 371 रन का लक्ष्य हासिल कर पांच विकेट से जीत लिया था। इस हार के साथ भारत पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे हो गया है।

हर्षित राणा ने पिछले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने दो टेस्ट मैच खेले थे, जिनमें चार विकेट हासिल किए। पर्थ में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3 विकेट लेकर 48 रन देना रहा। इंग्लैंड दौरे पर भारत ‘ए’ की ओर से कैंटरबरी में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेले गए मैच में भी राणा का प्रदर्शन साधारण रहा, जहां उन्होंने 99 रन देकर केवल एक विकेट लिया।

उनके चयन पर सवाल भी उठे थे। क्रिकेट विशेषज्ञ अंशुल कंबोज को राणा से बेहतर विकल्प मानते रहे हैं। कंबोज गेंदबाजी के साथ-साथ निचले क्रम में अच्छी बल्लेबाजी भी करते हैं और भारत ‘ए’ के लिए उनका प्रदर्शन भी प्रभावशाली रहा है।

गौरतलब है कि भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-2027 की शुरुआत की है। पहले टेस्ट में भारत की ओर से दोनों पारियों को मिलाकर कुल पांच शतक लगे, इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा। अब सीरीज में बने रहने के लिए शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम को 2 जुलाई से बर्मिंघम में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में हर हाल में वापसी करनी होगी।

Rishik Dwivedi
Rishik Dwivedi
Founder Member & Sub- Editor of NTF
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments