बुलंदशहर/आगरा, 18 जून 2025 – उत्तर प्रदेश में बुधवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कुल 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा बुलंदशहर जिले में हुआ, जहां शादी से लौट रहे एक परिवार की कार पुलिया से टकरा गई और उसमें आग लग गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दूसरा हादसा आगरा में हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप के डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे बैठे तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में चार लोगों की मौत और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बुलंदशहर हादसा: कार में भीषण आग, पांच लोगों की मौत
बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जानीपुर चंदौस के पास एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में देखते ही देखते आग लग गई। कार में मौजूद छह लोगों में से पांच की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान तनवीज अहमद (24), मोमिना (22), जुवेर अली (25), निदा (20) और दो वर्षीय जैनुल के रूप में हुई है। सभी बदायूं जनपद के सहसवान क्षेत्र से दिल्ली के मालवीय नगर लौट रहे थे।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। गंभीर रूप से घायल गुलनाज (17) को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में कार की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।
आगरा हादसा: डिवाइडर से टकराई पिकअप, चार की मौत
वहीं दूसरी घटना आगरा जिले के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में हुई, जहां लखनऊ से आम भरकर आ रही एक तेज रफ्तार मैक्स पिकअप डिवाइडर से टकरा गई और सर्विस रोड पर पलट गई। इस दौरान मॉर्निंग वॉक कर रहे सड़क किनारे बैठे तीन लोगों को कुचल दिया गया, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पिकअप चालक की भी जान चली गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के अनुसार, आम से भरी पिकअप आगरा मंडी की ओर जा रही थी, तभी हाईवे से सर्विस रोड पर मुड़ते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। मृतकों की पहचान की जा रही है और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इन दोनों हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले जानलेवा परिणामों को सामने लाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

