रामपुर, उत्तर प्रदेश – जनपद रामपुर में शादी से एक दिन पहले हुए सनसनीखेज हत्याकांड में एक नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुजर टोला निवासी 25 वर्षीय निहाल की शादी 15 जून को भोट थाना क्षेत्र के धनुपुरा गांव निवासी युवती गुलफशां से तय हुई थी। लेकिन विवाह से ठीक एक दिन पहले यानी 14 जून को निहाल को घर से बुलाकर अपहरण कर लिया गया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों के अनुसार, एक युवक ने निहाल को फोन कर खुद को उसका चचेरा साला बताया और नए कपड़ों का साइज लेने के बहाने उसे घर से बाहर बुलाया। इसके बाद दो बाइक सवार युवक निहाल को अपने साथ ले गए, जिसके बाद से वह लापता था।
गंभीर आशंका के आधार पर निहाल के भाई नायब शाह की तहरीर पर पुलिस ने होने वाली दुल्हन गुलफशां, उसके प्रेमी सद्दाम तथा फरमान और अनीस नामक दो अन्य लोगों के खिलाफ गंज थाने में हत्या, अपहरण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस की पूछताछ में एक आरोपी फरमान को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सद्दाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। सीओ सिटी जितेंद्र सिंह के अनुसार, हत्या में प्रयुक्त सामग्री और निहाल का मोबाइल बरामद करने के लिए सोमवार रात सद्दाम को घटनास्थल ले जाया गया, जहां उसने अचानक एक हेड कांस्टेबल की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया।
भागते समय आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिससे सद्दाम के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अजीमनगर थाना क्षेत्र के रतनपुरा शुमाली गांव के जंगल से निहाल का शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

