बस्ती। रविवार को जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र के जितीपुर गांव में जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान धारदार हथियार से किए गए हमले में 12 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह अतुल श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ विवादित जमीन पर मिट्टी पटाई का काम करवा रहे थे। तभी दूधनाथ वर्मा और अमरनाथ वर्मा अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और कार्य का विरोध करने लगे। विरोध के दौरान कहासुनी बढ़कर मारपीट में तब्दील हो गई।
आरोप है कि दूधनाथ और अमरनाथ वर्मा ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में बीच-बचाव कर रही 12 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अतुल श्रीवास्तव के परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर विवादित भूमि की पैमाइश और सीमांकन किया था। टीम ने भूमि को अतुल श्रीवास्तव की बताते हुए उन्हें कार्य की अनुमति दी थी, जिस पर दोनों पक्षों ने सहमति भी जताई थी। इसके बावजूद रविवार को यह खौफनाक वारदात हो गई।

