जनपद बस्ती के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़री गाँव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 25 वर्षीय युवक कृष्णा की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना बीती रात 4 और 5 जून की दरमियानी रात लगभग 12 बजे की है, जब गाँव के ही रामसेवक की बेटी ने कृष्णा को फोन कर घर के पास स्थित बगीचे में मिलने के लिए बुलाया।
मिली जानकारी के अनुसार जैसे ही कृष्णा बगीचे में पहुँचा, युवती के पिता रामसेवक और उसके भाई आनंद ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों आरोपियों ने मिलकर कृष्णा को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह अधमरा हो गया। युवक की चीख-पुकार सुनकर उसका भाई घटनास्थल पर पहुँचा, जिसे देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद घायल कृष्णा को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बस्ती पहुँचाया गया। गंभीर रूप से घायल कृष्णा को डॉक्टरों ने बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। बस्ती जनपद में लगातार हो रही ऐसी घटनाएँ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।

