भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी सीपीआईएम ने केरल के वरिष्ठ नेता एम.ए. बेबी को अपना नया महासचिव नियुक्त किया है। यह फैसला पार्टी के 24वें सम्मेलन में लिया गया, जो 2 अप्रैल से शुरू हुआ था। पिछले साल सीताराम येचुरी के निधन के बाद से महासचिव का पद रिक्त था।
सम्मेलन के दौरान 85 सदस्यीय केंद्रीय समिति का चुनाव भी किया गया, जिसमें वर्तमान में एक स्थान खाली है और 84 सदस्यों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने बताया कि केंद्रीय समिति में 20 प्रतिशत सदस्य महिलाएं हैं। इसी केंद्रीय समिति ने एम.ए. बेबी को महासचिव के रूप में चुना। इसके साथ ही, नवनिर्वाचित केंद्रीय समिति ने 18 सदस्यों वाले पोलित ब्यूरो का गठन भी किया।
पोलित ब्यूरो के सदस्यों में शामिल हैं: पिनाराई विजयन, बी वी राघवुलु, एम ए बेबी, तपन सेन, नीलोत्पल बसु, मोहम्मद सलीम, ए विजयराघवन, अशोक धावले, रामचंद्र डोम, एम वी गोविंदन, अमरा राम, विजू कृष्णन, मरियम धावले, यू. वासुकी, के. बालाकृष्णन, जीतेंद्र चौधरी, श्रीदीप भट्टाचार्य और अरुण कुमार।
हालांकि, पोलित ब्यूरो में प्रकाश करात, वृंदा करात और माणिक सरकार के नाम शामिल नहीं हैं। ये नेता विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में हैं।
वरिष्ठ नेता प्रकाश करात ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “पार्टी कांग्रेस ने भविष्य की राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक कदमों की रूपरेखा तय की है। इसी आधार पर नया नेतृत्व चुना गया है, जिसमें नई केंद्रीय समिति, पोलित ब्यूरो और नए महासचिव एम.ए. बेबी शामिल हैं।”

