बस्ती। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली पानी की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली पानी की बोतलें बरामद की गई हैं। यह अवैध कारोबार पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के बेटे के गोदाम में संचालित हो रहा था, जहां वेदिक और वेदिक प्लस नाम से नकली पानी की बोतलें तैयार की जा रही थीं।
असली कंपनी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
नकली पानी के इस रैकेट का खुलासा असली वेदिक पानी कंपनी के मालिक की शिकायत पर हुआ। उनकी सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की।
9 लाख रुपये की बोतलें जब्त
कार्रवाई के दौरान आधे लीटर की 2,577 पेटियां और एक लीटर की 1,128 पेटियां जब्त की गईं। जब्त किए गए माल की कुल कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है। दो लोगों ने इस गोदाम में नकली वेदिक नाम की पानी की बोतलें स्टॉक की थीं।
कहां चला रहा था नकली पानी का धंधा?
यह पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पालिटेक्निक चौराहे पर स्थित स्टेट बैंक के बगल का है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर पहुंचकर सभी नकली बोतलें जब्त कर ली हैं और आगे की जांच जारी है।

