बस्ती में भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी के खिलाफ उन्हीं की पार्टी के 29 सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को जिला पंचायत सदस्यों ने कमिश्नर बस्ती अखिलेश सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जिला पंचायत बोर्ड की बैठक दोबारा कराने की मांग रखी।
पुरानी बैठक शून्य करने की मांग
सदस्यों का कहना है कि जिला पंचायत में बजट पास कराने की प्रक्रिया को अनदेखा कर अलग से बजट पास किया जा रहा है, जिससे वे ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुरानी बैठक को शून्य घोषित कर दोबारा बैठक बुलाने की मांग की।
न्याय की गुहार, सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी
अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो सभी 32 सदस्य सामूहिक इस्तीफा देने को मजबूर होंगे। जिला पंचायत सदस्य प्रमोद चौधरी ने कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो सभी सदस्य अपना इस्तीफा सौंप देंगे।
कमिश्नर ने दिया भरोसा
कमिश्नर अखिलेश सिंह ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सदस्यों को आश्वस्त किया कि डीएम, सीडीओ और अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बस्ती में जिला पंचायत के इस घटनाक्रम से राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

