कप्तानगंज (बस्ती), 21 फरवरी – रामधनी सिंह नोहरा देवी राजकीय महाविद्यालय में वार्षिक क्रीड़ा समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डा. आर्येन्दु द्विवेदी ने किया। इस दौरान उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेलों को अपनाना जरूरी है। खेल न केवल तनाव दूर करते हैं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाते हैं। यदि हम प्रतिदिन एक घंटे योग, प्राणायाम और खेलों के लिए निकालें, तो स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।”
क्रीड़ा प्रभारी डा. अनिल कुमार ने खेलों के महत्व पर विस्तृत चर्चा की, जबकि डा. प्रदीप कुमार सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह की शुरुआत सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई, जिसके बाद रागिनी, शुभी तिवारी और बबीता यादव ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। चक्र प्रक्षेपण (छात्रा वर्ग) में जान्हवी ने प्रथम स्थान, शुभी तिवारी ने द्वितीय और आंचल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, छात्र वर्ग में प्रिंस राज विश्वकर्मा पहले, प्रेमचंद दूसरे और विशाल मौर्य तीसरे स्थान पर रहे।
भाला प्रक्षेपण (छात्रा वर्ग) में आंचल पहले, शुभी तिवारी दूसरे और अंजलि मौर्या तीसरे स्थान पर रहीं। छात्र वर्ग में प्रिंस राज विश्वकर्मा ने पहला, विशाल मौर्य ने दूसरा और शिवम सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें वीरेंद्र प्रसाद, डा. पूनम, डा. प्रदीप सिंह, डा. अनिल कुमार, विपिन शर्मा, परमात्मा, विजय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

