अयोध्या। कैंट रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 94 जिन्दा कछुए बरामद किए। यह कछुए यात्री विश्राम गृह के शौचालय के पास लावारिस अवस्था में पाए गए। तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सभी कछुओं को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है।
चेकिंग के दौरान मिली सफलता
रेलवे पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा के निर्देशन में ट्रेनों और स्टेशनों पर तस्करी, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीओ विकास कुमार पांडेय के पर्यवेक्षण में जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक समर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
शनिवार को चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन के यात्री विश्राम गृह के शौचालय के पास सीमेंट की सीट पर एक सफेद बोरी, एक काले रंग का बैग और एक नारंगी धारीदार प्लास्टिक का झोला संदिग्ध स्थिति में मिले। इन्हें खोलने पर पुलिस को कुल 94 जिंदा कछुए मिले।
तस्करी की आशंका, तस्कर फरार
पुलिस के अनुसार, कछुओं को तस्करी के उद्देश्य से लाया गया था। पुलिस की सक्रियता देखकर तस्कर मौके से भागने में कामयाब हो गए।
जीआरपी टीम की सराहनीय भूमिका
जीआरपी की टीम, जिसमें उपनिरीक्षक राम नारायण सहित अन्य सदस्य शामिल थे, ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी तस्करी को नाकाम कर दिया। यह सफलता रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती और अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान का परिणाम है।
रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी
इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान और तेज कर दिया गया है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे किसी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

