अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर के फायरब्रांड संत महंत राजूदास एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्हें अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी मिली है। महंत ने बताया कि धमकी देने वाला उन्हें बार-बार फोन और व्हाट्सएप कॉल करके सनातन धर्म और हिंदुत्व पर बोलने से रोकने की धमकी दे रहा है। धमकी के बाद उन्होंने नंबर को ब्लॉक कर दिया और योगी सरकार से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
‘सनातन पर बोलना भारी पड़ेगा’ – धमकी देने वाले के शब्द
महंत राजूदास ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा, “फोन कॉल और व्हाट्सएप कॉल पर धमकी दी गई है। कहा गया कि तुम सनातन और हिंदुत्व के लिए बहुत बोलते हो। वक्फ बोर्ड खत्म करने की बात करते हो, ये सब तुम्हारे लिए ठीक नहीं है। तुम्हारा अंजाम बहुत बुरा होगा।”
महंत ने बताया कि यह पहला मौका नहीं है जब उन्हें इस तरह की धमकियां मिली हैं। इससे पहले राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी भी दी जा चुकी है।
प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप
महंत ने इस घटना को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “सनातन और हिंदुत्व के लिए काम करने वालों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन उपेक्षा कर रहा है। राम मंदिर को उड़ाने की धमकी देने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई नहीं हुई। जब तक सरकार ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं करती, ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।”
सीएम योगी से उच्चस्तरीय जांच की मांग
महंत राजूदास ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा, “यह मामला सिर्फ मेरी सुरक्षा का नहीं, बल्कि पूरे सनातन धर्म और हिंदुत्व के लिए काम करने वालों की सुरक्षा का है। मैं मुख्यमंत्री से निवेदन करता हूं कि इस मामले की हाईलेवल जांच कराई जाए और दोषी को सख्त से सख्त सजा दी जाए।”
महंत का सवाल – ‘आखिर कौन दे रहा है धमकियां?’
महंत ने सवाल उठाया कि आखिर उन्हें धमकी देने वाला है कौन? प्रशासन इस बात की तह तक जाकर दोषियों का पता लगाए। उन्होंने कहा, “धमकी देने वाला कौन है और उसका उद्देश्य क्या है? इस पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।”
सनातन पर काम करना क्यों बना खतरा?
महंत ने कहा कि जो भी सनातन और हिंदुत्व के लिए कार्य करता है, उसे धमकियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस बार भी लापरवाही दिखाई, तो यह केवल उनकी नहीं, बल्कि सनातन धर्म के सभी अनुयायियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा साबित होगा।
क्या होगा प्रशासन का अगला कदम?
महंत राजूदास की इस अपील के बाद प्रशासन और सरकार की क्या प्रतिक्रिया होगी, यह देखने वाली बात होगी। फिलहाल, इस धमकी ने अयोध्या समेत पूरे सनातन समाज में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। अब सबकी नजरें इस मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।

