Homeउत्तर प्रदेशसंजय सिंह का तीखा हमला : “उत्तर प्रदेश में पुलिस पूरी तरह...

संजय सिंह का तीखा हमला : “उत्तर प्रदेश में पुलिस पूरी तरह बेलगाम हो चुकी है, और मुख्यमंत्री उन्हें संरक्षण दे रहे हैं।”

आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोमवार से सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा केवल झूठ का कारोबार कर रही

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोमवार से सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा केवल झूठ का कारोबार कर रही है और राज्य की पुलिस बेलगाम होकर तानाशाही रवैया अपना चुकी है। हाल की घटनाओं का हवाला देते हुए संजय सिंह ने कहा, “लखनऊ में मोहित पांडेय की हत्या और रायबरेली में फौजी के साथ बर्बरता जैसी घटनाएं इस सरकार की विफलता को उजागर करती हैं। मुख्यमंत्री कार्रवाई करने की बजाय पुलिस को संरक्षण दे रहे हैं।”

“संविधान और आरक्षण पर भाजपा का हमला बर्दाश्त नहीं”

संजय सिंह ने संविधान और आरक्षण को भाजपा के निशाने पर बताते हुए कहा, “भाजपा संविधान को कमजोर कर रही है और दलित, पिछड़ों के खिलाफ खुले तौर पर नफरत फैला रही है। उपचुनाव के दौरान ‘बटेंगे तो कटेंगे’ जैसे पोस्टर उनके असली मंसूबे जाहिर करते हैं। जनता को इस विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ एकजुट होकर भाजपा को हराना होगा।”

संघ पर निशाना, आरएसएस में दलित-पिछड़े क्यों नहीं?

संजय सिंह ने संघ और भाजपा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “संघ में दलित, पिछड़े या आदिवासी प्रमुख का न बन पाना इनकी मानसिकता को दर्शाता है। यहां तक कि मंदिर के उद्घाटन में राष्ट्रपति को नहीं बुलाया गया, यह उनके असली एजेंडे को दर्शाता है।” उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं द्वारा बार-बार संविधान विरोधी बयान दिए जा रहे हैं, जो नफरत फैलाने का प्रयास है।

बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान, 50 लाख से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य

आम आदमी पार्टी के सदस्यता अभियान में अगले छह महीनों में हर जिले में पहुंचने का लक्ष्य है। संजय सिंह ने बताया कि इस अभियान में 50 लाख से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा और सदस्यता प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया और वॉट्सऐप के जरिए भी लोग पार्टी से जुड़ सकते हैं।” इसके अलावा, हर जिले में महीने के दूसरे शनिवार को जनता के मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन होगा और हर महीने के आखिरी रविवार को जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

27 हजार स्कूल बंद करने के फैसले का विरोध

संजय सिंह ने सरकार द्वारा 27 हजार स्कूलों को बंद करने के फैसले पर नाराजगी जताते हुए ऐलान किया कि 9 नवंबर को इसका विरोध करने के लिए एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा, “सरकार शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाकर बच्चों का भविष्य अंधकार में डाल रही है। यह फैसला वापिस लिया जाना चाहिए।”

सपा के समर्थन का ऐलान और भाजपा के खिलाफ एकजुटता की अपील

संजय सिंह ने कहा कि उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को आम आदमी पार्टी समर्थन देगी और लोगों से भी भाजपा को हराने के लिए एकजुट होने की अपील की। “अब समय आ गया है कि जनता भाजपा की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाए।” संजय सिंह ने कहा कि आने वाले चुनावों में जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए AAP पूरी तरह तैयार है।

Rishik Dwivedi
Rishik Dwivedi
Founder Member & Sub- Editor of NTF
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments