Homeउत्तर प्रदेशआगरा: नकली पेट्रोल-डीजल बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा, 2400 लीटर केमिकल बरामद,...

आगरा: नकली पेट्रोल-डीजल बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा, 2400 लीटर केमिकल बरामद, फैक्ट्री सील

लोहे के बड़े टैंकरों से केमिकल निकालने के लिए इलेक्ट्रिक पंप भी मिले। फैक्ट्री के अंदर कई ड्रमों में केमिकल और पाउडर भी रखा गया था, जो नकली पेट्रोल-डीजल बनाने में इस्तेमाल हो रहा था

आगरा। एत्मादपुर में गुरुवार को आपूर्ति विभाग के अधिकारी आनंद सिंह की अगुवाई में नकली पेट्रोल और डीजल बनाने वाली एक फैक्ट्री पर बड़ा छापा मारा गया। इस छापामारी में टीम को 2400 लीटर केमिकल से भरी एक मैक्स गाड़ी मिली, जिसमें 11 ड्रामों में केमिकल ग्वालियर ले जाया जा रहा था। पांच घंटे तक चली इस कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण सबूत हाथ लगे, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

चालक से पूछताछ के बाद हुई फैक्ट्री की पहचान

गुरुवार देर शाम बरहन रोड पर केमिकल से भरी मैक्स गाड़ी पकड़ी गई, जिसके चालक आज़ाद से पूछताछ की गई। आज़ाद ने बताया कि उनकी खंदौली रोड पर आजाद केमिकल नाम की एक फर्म है, जिसके कर्ताधर्ता अलवतिया रोड के रहने वाले अशरफ अली हैं। इसके बाद अधिकारी खंदौली रोड स्थित फैक्ट्री पर पहुंचे और वहां व्यापक पैमाने पर हो रही अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश हुआ।

फैक्ट्री में ज्वलनशील पदार्थ और अंडरग्राउंड टैंक मिले

फैक्ट्री में अंडरग्राउंड टैंक मिले, जिनमें पेट्रोल और डीजल के रूप में इस्तेमाल होने वाला केमिकल भरा हुआ था। साथ ही, लोहे के बड़े टैंकरों से केमिकल निकालने के लिए इलेक्ट्रिक पंप भी मिले। फैक्ट्री के अंदर कई ड्रमों में केमिकल और पाउडर भी रखा गया था, जो नकली पेट्रोल-डीजल बनाने में इस्तेमाल हो रहा था।

फैक्ट्री के अंदर अग्निशमन के कोई इंतजाम नहीं थे, जिससे यह ज्वलनशील पदार्थों के कारण एक बड़ी दुर्घटना का केंद्र बन सकता था। अधिकारियों ने ताला तोड़कर फैक्ट्री को सील कर दिया और सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया।

अधिकारियों ने फैक्ट्री को किया सील, सैंपल भेजे जांच के लिए

आपूर्ति अधिकारी आनंद सिंह और डीएसओ संजीव कुमार ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया। डीएसओ संजीव कुमार ने बताया कि आजाद केमिकल फर्म के पास इंडस्ट्रीयल ऑयल का लाइसेंस है, लेकिन यहां ज्वलनशील केमिकल का अवैध रूप से उत्पादन और सप्लाई हो रही थी। फैक्ट्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है, और इस पूरे मामले में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

आबादी क्षेत्र में चल रही थी फैक्ट्री, अग्निशमन का इंतजाम नहीं

इस फैक्ट्री की खतरनाक स्थिति और आबादी क्षेत्र में होने के बावजूद अग्निशमन के कोई इंतजाम न होना बड़ी चिंता का विषय है। ज्वलनशील पदार्थों की इतनी बड़ी मात्रा में मौजूदगी से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता था। फिलहाल, फैक्ट्री सील कर दी गई है और जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अवैध कारोबार का पर्दाफाश, जांच जारी

इस छापामारी ने नकली पेट्रोल-डीजल के गोरखधंधे की पोल खोल दी है। अधिकारियों का मानना है कि इस रैकेट से जुड़े और भी लोग जल्द ही कानून के शिकंजे में होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments