बस्ती में गुरुवार रात पुर्निया कोट से अमृतसर जा रही जनसेवा एक्सप्रेस (14617) की जनरल बोगी में चिंगारी और धुआं उठने से हड़कंप मच गया। ट्रेन को मुंडेरवा स्टेशन पर रोका गया, जहां सुरक्षा जांच के बाद ट्रेन को 20 मिनट के भीतर फिर से रवाना किया गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
चिंगारी उठने से यात्री घबराए
रात करीब 9:36 बजे ट्रेन के कंट्रोल रूम से जानकारी मिली कि जनरल बोगी के नीचे से चिंगारी और धुआं उठ रहा है। सूचना मिलते ही ट्रेन को मुंडेरवा स्टेशन पर रोका गया। चिंगारी निकलने की खबर से घबराए यात्री तुरंत बोगी से बाहर निकल आए। हालांकि जल्द ही स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया।
आरपीएफ और जीआरपी ने की जांच
सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर ट्रेन की बोगी और ट्रैक की जांच की। डॉग स्क्वॉड की मदद से विस्फोटक या अन्य किसी संदिग्ध वस्तु की जांच की गई, लेकिन कोई खतरा नहीं मिला। यात्रियों के अनुसार, चिंगारी और धुआं ट्रैक से उठ रहा था, जिससे आग लगने की आशंका हुई थी।
20 मिनट के बाद ट्रेन फिर रवाना
मुंडेरवा स्टेशन पर 20 मिनट तक खड़ी रहने के बाद ट्रेन को रात 9:50 बजे सुरक्षित तरीके से रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन के सभी कोचों की सुरक्षा जांच की गई और यात्री आश्वस्त हुए कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। स्टेशन मास्टर ने बताया कि ट्रेन को पूरी तरह से जांच के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दी गई, और किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ।

