लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके के ट्रांसपोर्ट नगर में एक बड़ा हादसा हुआ, जहां हरमिलाप नाम की तीन मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों और प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तत्काल बुलाया गया, जिन्होंने राहत कार्य शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारियों को तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर पहुंचने और तेजी से काम करने का निर्देश दिया।\
दस घायल, अस्पताल में भर्ती
प्रशासन के अनुसार, अब तक 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है और घायलों को तुरंत लोक बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर आठ एंबुलेंस तैनात की गई हैं और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था की जा रही है। इमारत में दवाओं का कारोबार होता था, जिससे घटना के वक्त कई लोग इमारत के अंदर मौजूद थे। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और मलबे में और लोगों के दबे होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए टीमों को चौकन्ना रखा गया है।
प्रशासन की तत्परता
घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और राहत कार्य को प्राथमिकता दी। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

