बस्ती : खौरहवा मोहल्ले में सोमवार की दोपहर एक बेहद चौंकाने वाली घटना घटी, जब स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक वैन में अचानक आग लग गई। वैन में सवार आठ बच्चे जैसे-तैसे अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना लगभग तीन बजे की है जब वैन मोहल्ले के एक संकरे रास्ते से गुजर रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन में आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि कुछ ही पलों में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। आसपास के लोग बच्चों की चीखें सुनकर मदद के लिए दौड़े। स्थानीय निवासी अपने घरों से पानी और बाल्टियां लेकर आग बुझाने में जुट गए। खास बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना वैन में लगे डीजल टैंक के फटने से एक बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना लगभग तीन बजे की है जब स्कूल की छुट्टी के बाद वैन बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए खौरहवा मोहल्ले में पहुंची अचानक वैन में आग लग गई, जिससे बच्चे घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। वैन के ड्राइवर ने तुरंत वैन को रोका और बच्चों को बाहर निकलने के लिए कहा। बच्चों ने बिना समय गंवाए वैन से कूदकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस चौकी से आरआई संजय कुमार दास मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि वैन के कागजात और फिटनेस रिपोर्ट बिल्कुल सही थे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट पाया गया है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि आग डीजल टैंक तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया
इस घटना ने स्थानीय निवासियों को सुरक्षा के प्रति और सतर्क कर दिया है। वैन के चालक की सूझबूझ और बच्चों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह घटना निश्चित रूप से सुरक्षा के मानकों और वैन की नियमित जांच की जरूरत को भी उजागर करती है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए वैनों की समय-समय पर जांच और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की आवश्यकता है।

