कांवड़ यात्रा के दौरान हंगामे और तोड़फोड़ की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला हरियाणा के फतेहाबाद से है, जहां मंगलवार को कांवड़ियों ने काफी हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, एक स्कूल बस ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे गुस्साए कांवड़ियों ने स्कूल बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। यह घटना फतेहाबाद के रतिया इलाके की है।
सूत्रों के मुताबिक, कांवड़ियों का एक समूह हरिद्वार से फतेहाबाद की ओर जा रहा था। इस दौरान रतिया के टोहाना रोड के पास स्कूल बस ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। घटना के समय बस में बच्चे भी सवार थे। गुस्साए कांवड़ियों ने बस को रुकवाकर बच्चों को नीचे उतारा और बस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना से बच्चे डर गए। एक कांवड़िए ने बताया कि बस चालक ने पहले कांवड़ को टक्कर मारी थी और जब उन्होंने सवाल किए तो चालक ने बदतमीजी की।
बस को जबरन रुकवाया और की तोड़फोड़
बस के कंडक्टर ने बताया कि वाहन से कांवड़ को टक्कर लग गई थी, जिसके बाद कांवड़ियों ने बस को जबरन रुकवाकर उसमें तोड़फोड़ की। उन्होंने पुलिस से कांवड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने कांवड़ियों को शांत करने का प्रयास किया।
तोड़फोड़ से पहले ही बच्चों को उतारा गया
डीएसपी संजय बिश्नोई ने बताया, “कुछ कांवड़िए हरिद्वार से आ रहे थे, तभी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के वक्त बच्चे बस में मौजूद थे, लेकिन तोड़फोड़ से पहले ही बच्चों को बस से उतार लिया गया था। स्कूल बस चालकों ने कांवड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।”
बस चालकों में आक्रोश
कांवड़ियों द्वारा बस में तोड़फोड़ के कारण बस चालकों में काफी आक्रोश है। उन्होंने रास्ते में बसें खड़ी करके रोड को बंद कर दिया। फिलहाल पुलिस ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। (IANS)

