चीन के साथ तनावपूर्ण संबंधों के बीच सोमवार को संसद में पेश की गई बजट-पूर्व आर्थिक समीक्षा 2023-24 में लोकल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने और निर्यात बाजार का दोहन करने के लिए चीन से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) को बढ़ाने की वकालत की गई है। आर्थिक समीक्षा में कहा गया है कि अमेरिका और यूरोप अपनी तात्कालिक आपूर्ति चीन से हटा रहे हैं, ऐसे में भारत के लिए पड़ोसी देश से आयात करने के बजाय चीनी कंपनियों द्वारा निवेश प्राप्त करना और फिर इन बाजारों में उत्पादों का निर्यात करना अधिक प्रभावी हो सकता है।
चीन+1 की रणनीति से लाभ उठाने की योजना
समीक्षा में बताया गया है कि भारत के पास ‘चीन प्लस वन’ रणनीति से लाभ उठाने के लिए दो विकल्प हैं: या तो वह चीन की आपूर्ति श्रृंखला में शामिल हो जाए या फिर चीन से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को बढ़ावा दे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश इस आर्थिक समीक्षा में कहा गया है कि चीन से एफडीआई पर ध्यान केंद्रित करना अमेरिका को भारत के निर्यात को बढ़ाने के लिए अधिक आशाजनक प्रतीत होता है। इसके अलावा, एफडीआई को एक रणनीति के रूप में अपनाना व्यापार पर निर्भर रहने की तुलना में अधिक लाभप्रद हो सकता है।

चीन के साथ बढ़ता व्यापार घाटा
आर्थिक समीक्षा में यह भी बताया गया है कि चीन, भारत का शीर्ष आयात भागीदार है और चीन के साथ व्यापार घाटा लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका और यूरोप अपनी तत्काल आपूर्ति चीन से हटा रहे हैं, ऐसे में चीनी कंपनियों द्वारा भारत में निवेश करना और फिर इन बाजारों में उत्पादों का निर्यात करना अधिक प्रभावी साबित हो सकता है। इससे भारत की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भागीदारी भी बढ़ेगी।
24 साल में सिर्फ 2.5 अरब डॉलर का निवेश
भारत में अप्रैल 2000 से मार्च 2024 तक कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में चीन का योगदान केवल 0.37 प्रतिशत (2.5 अरब अमेरिकी डॉलर) रहा है, जिससे वह 22वें स्थान पर है। इस संदर्भ में मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी अनंत नागेश्वरन ने कहा कि वह केंद्र से चीन से एफडीआई निवेश के संबंध में नीति की फिर से समीक्षा करने का आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि माल आयात और पूंजी आयात के बीच संतुलन की आवश्यकता है।
निवेश के लिए नए क्षेत्रों का चयन
नागेश्वरन ने कहा कि भारत का चीन के साथ बड़ा व्यापार घाटा है और यदि भारत आयात जारी रखेगा तो व्यापार घाटा बढ़ता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उन क्षेत्रों का चयन करना आवश्यक है जिनमें निवेश किया जा सकता है, ताकि भारतीय उद्यमियों को तकनीकी ज्ञान प्राप्त हो और वे आत्मनिर्भर बन सकें। वर्तमान में, भारत में आने वाला ज्यादातर विदेशी निवेश स्वत: मंजूर मार्ग से आता है, लेकिन स्थलीय सीमा साझा करने वाले देशों से आने वाले एफडीआई के लिए किसी भी क्षेत्र में सरकारी अनुमोदन आवश्यक होता है।

