पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस हादसे में मंत्री जितिन प्रसाद को भी हल्की चोट आई है। पिछली गाड़ी में बैठे मंत्री के रसोइया का दांत टूट गया। भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने इस घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री को मामूली गुम चोट आई है।
बाढ़ पीड़ितों से मिलने जा रहे थे जितिन प्रसाद
बीजेपी नेता ने बताया कि जितिन प्रसाद बाढ़ पीड़ितों से मिलने मझोला जा रहे थे, इसी दौरान काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। जिससे कार में सवार मंत्री भी चोटिल हो गये, हालांकि यह चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। हादसे में कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई है।
केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव ने दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव शशि मोहन और काफिले में शामिल किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने बताया कि इस हादसे के बाद जितिन प्रसाद बिना देर किए दूसरी कार में सवार होकर अगले कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए निकल गए। संयोग से किसी को कोई गंभीर चोट नहीं लगी, लेकिन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। शशि मोहन के अनुसार, जितिन प्रसाद का काफिला मझोला से बिरहनी की ओर जा रहा था, तभी उनके काफिले में चल रही तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं।
मंत्री की गाड़ी भी हुई क्षतिग्रस्त
शशि मोहन ने बताया कि मंत्री जिस गाड़ी में सवार थे, वह गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। जितिन प्रसाद अपने संसदीय क्षेत्र पीलीभीत में बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर रहे हैं। इसके साथ ही बाढ़ग्रस्त इलाकों की समस्याएं जानने के बाद जितिन प्रसाद पूरे मामले में लोगों की मदद के लिए केंद्रीय और उत्तर प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व को भी अवगत कराएंगे।

