झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में सड़क पर हुड़दंग मचाने के मामले में आरोपी रिंकू राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रिंकू के साथ 20 समर्थकों को भी गिरफ्तार किया है और 6 गाड़ियां भी सीज की हैं। रिंकू सिंह 13 जुलाई को जेल से रिहा हुआ था। उसके स्वागत में सड़क पर 100 गाड़ियों के साथ विजय जुलूस निकाला गया था।
भौकाल दिखाकर बढ़ा रहा था समर्थकों का जोश
रिंकू राजपूत खुली जीप पर हाथ जोड़कर अपने समर्थकों का जोश बढ़ा रहा था। इसका वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने इस पर कार्रवाई की और रिंकू को उसके समर्थकों सहित गिरफ्तार कर लिया। रिंकू राजपूत को एक बार फिर जेल भेज दिया गया है।
नवाबाद थाने में दर्ज हुआ केस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जेल से छूटने के बाद रिंकू राजपूत ने नेशनल हाईवे पर अपने समर्थकों के साथ एक जुलूस निकाला था। इस जुलूस में रिंकू और उसके समर्थकों ने खूब हुड़दंग मचाई थी। पुलिस ने इस संबंध में नवाबाद थाने में केस दर्ज किया था। इस मामले में रिंकू समेत 20 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही इस हुड़दंग में शामिल 6 गाड़ियों को भी जब्त कर लिया गया है।
हत्या के प्रयास के मामले में था बंद
रिंकू राजपूत पिछले एक साल से हत्या के प्रयास के मामले में जिला कारागार में बंद था। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने सैकड़ों गाड़ियों के साथ झांसी-कानपुर हाईवे पर जाम लगा दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को पुलिस ने रिंकू राजपूत और उसके समर्थकों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की है।
झांसी पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी तरह की हुड़दंगई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

