अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार रात 2:00 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से सिवान जा रही एक बस की अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बस सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का एक हिस्सा उड़ गया।
वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसा शुक्ला बाजार थाना के पास हुआ। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन का ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
घायलों में ज्यादातर लोगों के सिर में चोटें आई हैं। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया था। रात में क्रेन बुलाकर बस को रास्ते से हटाया गया। प्रशासन और पुलिस द्वारा जल्द ही स्थिति को नियंत्रित किया गया। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को सहायता पहुंचाने का आश्वासन दिया है। हादसे की जांच जारी है और जल्द ही अज्ञात वाहन और उसके ड्राइवर का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

