पंजाब पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय अफीम तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है और 66 किलोग्राम अफीम जब्त की है। झारखंड से संचालित इस गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने 42 बैंक खातों में जमा 1.86 करोड़ रुपये के लेन-देन पर भी रोक लगा दी है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा, “फजिल्का पुलिस ने झारखंड से संचालित होने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय अफीम तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 66 किलोग्राम अफीम जब्त की है। दो तस्करों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने वित्तीय लेन-देन का बारीकी से पता लगाकर 42 बैंक खातों में जमा 1.86 करोड़ रुपये के लेन-देन पर रोक लगा दी है।”
इस बीच, अमृतसर में भी पंजाब पुलिस ने 9.2 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन लोगों को पकड़ा है। डीजीपी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “खुफिया सूचनाओं पर तेजी से कार्रवाई करते हुए, सीपी अमृतसर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 9.2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में, पीएस छेहरटा ने शिव एन्क्लेव, राजासांसी, अमृतसर ग्रामीण के क्षेत्र से दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। दूसरे मामले में, पीएस रंजीत एवेन्यू ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया और 1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। दोनों मामलों में, एनडीपीएस अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई हैं और आगे की जांच जारी है।”
पंजाब में नशे के खिलाफ मुहिम को मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया है कि तस्करों के साथ सांठ-गांठ करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त पाए गए पुलिस अधिकारी को बर्खास्त कर दिया जाएगा और तस्करों की संपत्ति कुर्क की जाएगी। सीएम ने निचले स्तर के पुलिस अधिकारियों एवं तस्करों के बीच साठगांठ को तोड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तबादले की भी घोषणा की है। इसके साथ ही पुलिस विभाग को मजबूत करने के लिए 10,000 और पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी।

