नई दिल्ली: NEET-UG पेपर लीक मामले में छात्र सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने भी केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। इस बीच, पेपर लीक मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में जारी है।
सोमवार को वकील जेम्स नेदुम्परा ने NEET-UG 2024 पेपर लीक मामले को सुप्रीम कोर्ट में उठाया। उन्होंने कोर्ट में तीन याचिकाओं का उल्लेख किया, जिनमें नीट पेपर लीक मामले में हुई धोखाधड़ी, सीबीआई जांच की मांग और ईडी और सीबीआई को इस मामले में पक्षकार बनाने की मांग की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने तीसरी याचिका में नोटिस जारी करते हुए कहा कि इसमें कोई जल्दबाजी नहीं है। मामले की जांच को आगे बढ़ने दें। कोर्ट ने यह भी कहा कि इस मामले की सुनवाई 8 जुलाई को की जाएगी।
NDA और केंद्र सरकार से जयपुर हाई कोर्ट ने मांगा जवाब
सोमवार को नीट परीक्षा विवाद मामले में जयपुर हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। जस्टिस अशोक कुमार जैन ने एनडीए और केंद्र सरकार से जवाब मांगा। हाई कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में मामला विचाराधीन है और 8 जुलाई को इसकी सुनवाई होगी। इसके बाद 10 जुलाई को अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए तारीख निर्धारित की है। याचिकाकर्ताओं ने परीक्षा रद्द करने की कोर्ट से गुहार लगाई थी।
छात्रों और नेताओं के बीच इस मुद्दे को लेकर बढ़ते तनाव के बीच, सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय महत्वपूर्ण है। आगामी सुनवाई के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामले की दिशा क्या होगी और क्या परीक्षा रद्द की जाएगी या नहीं।

